जनवरी गुजरने के बाद फरवरी में भी सर्दी तीखे तेवर दिखा रही है। ऐसा तीसरी बार है, जब ठंड में कुछ कमी आने के बाद तापमान फिर गिरा है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी हो रही है। वहां बड़ी तादाद में पर्यटकों का आना जारी है। टूरिस्ट स्पॉट पर इस समय होटलों में कमरों की डिमांड बढ़ गई है।
पहाड़ी राज्यों की बर्फबारी मैदानी राज्यों को भी ठंडा कर रही है। राजस्थान में तापमान कुछ हद तक बढ़ा है, लेकिन कई जिलों में अब भी शीतलहर जैसे हालात हैं। बीती सुबह माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन सुबह ओस जमी है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर सर्दी और कोहरा बढ़ा है। यहां सुबह विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर ही रह गई। झारखंड की राजधानी रांची में बीती शाम बारिश दर्ज की गई है।
रांची में बारिश-ओले पड़ने के बाद बढ़ी ठंड, आज शीतलहर
झारखंड की राजधानी रांची में बीते दिन कई हिस्सों में दोपहर बाद बादल छाए रहे। जिले के टाउन कांके के आसपास शाम को ओले पड़े। मेघगर्जन के साथ बारिश भी हुई। इस वजह से देर शाम न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री के बीच गिरावट दर्ज की गई है। शाम 5.30 बजे रांची का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री रिकॉर्ड दर्ज किया गया। बारिश होने के बाद न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंच गया। इस वजह से ठंड और सिहरन महसूस होने लगी। रांची का अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम 13.2, जमशेदपुर का अधिकतम 28 व न्यूनतम 11.8, डालटेनगंज का अधिकतम 23.7 व न्यूनतम 14.1 डिग्री और कांके का अधिकतम 23.4 व न्यूनतम 13.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
हिमाचल के होटलों में भीड़ 80% तक बढ़ी
बर्फ देखने के लिए लगातार सैलानी शिमला पहुंचे। वीकेंड होने के कारण भी शनिवार को बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। सैलानियों के उमड़ने से होटलों में कमरों की डिमांड भी बढ़ गई है। इससे शहर के होटलों में भीड़ भी 80 फीसदी तक पहुंच गई है। यही नहीं सैलानी गाड़ियों के साथ आ रहे हैं, जिससे शहर की पार्किंग भी भरने लगी हैं। शहर के सेंटर कहे जाने वाले रिज मैदान और मालरोड पर शनिवार को जैसे सैलानियों का हुजूम उमड़ा। रिज, मालरोड पर इतनी संख्या में सैलानी पहुंचे थे कि यहां चारों ओर भीड़ ही भीड़ नजर आ रही थी। रिज और मालरोड पर कुछ जगह बर्फ के ढेर भी लगाए गए हैं।
भोपाल में फरवरी का पहला कोहरा, सुबह आधे घंटे 50 मीटर रही विजिबिलिटी
फरवरी के छठे दिन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में घना कोहरा छाया और ठंड भी बढ़ गई। सुबह 7:30 से 8 बजे तक विजिबिलिटी 50 मीटर रह गई थी। रात के तापमान में 2.5 और दिन के तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट हुई। रात का तापमान 11.1 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। रात में ठंडी हवा भी चली। शाम ढलने के बाद 3 घंटे में ही पारा 8 डिग्री से ज्यादा नीचे पहुंच गया था। दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 23.4 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार के मुकाबले यह 1.7 डिग्री कम रहा। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवा चली। इस वजह से पारा भी तेजी से ऊपर नहीं चढ़ सका।
देश के उत्तरी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी और वहां से आ रही सर्द हवाओं का असर राजस्थान के माउंट आबू में पड़ रहा है और शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी सवेरे जगह-जगह बर्फ जमी। हालांकि शनिवार को माउंट आबू का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़ा है, लेकिन तापमान 2 डिग्री रहने से यहां कड़ाके की सर्दी का असर बरकरार रहा। वहीं अधिकतम तापमान 2 डिग्री लुढक़कर 19.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिन का तापमान गिरने से यहां दोपहर में भी शीतलहर चली। यहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री पर था। माउंट आबू में पड़ रही कड़ाके की सर्दी से बचने के लिए यहां पहुंच रहे सैलानी और स्थानीय लोग भी गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं